New GST Reforms Effective from September 22
New GST Reforms Effective from September 22: भारत में 22 सितंबर 2025 से नई जीएसटी दरें लागू हो गई हैं। रोटी, पनीर, नोटबुक, पेंसिल, दवाइयां, बीमा और शिक्षा सेवाएं अब पूरी तरह टैक्स फ्री होंगी। सरकार ने चार स्लैब खत्म कर दो नए स्लैब (5% और 18%) लागू किए।
22 सितंबर 2025 को देश की कर प्रणाली में एक नया अध्याय जुड़ गया। यह दिन भारतीय अर्थव्यवस्था के इतिहास में इसलिए दर्ज होगा क्योंकि इसी दिन से जीएसटी सुधारों का नया दौर शुरू हुआ है। सरकार ने न केवल रोजमर्रा के सामान पर कर का बोझ कम किया है, बल्कि टैक्स संरचना को भी सरल और पारदर्शी बना दिया है। दरअसल जीएसटी काउंसिल की 56वीं बैठक, जो 3 सितंबर 2025 को हुई, कई मायनों में ऐतिहासिक रही। इसमें मौजूदा चार स्लैब संरचना (5%, 12%, 18% और 28%) को खत्म कर दो स्लैब (5% और 18%) कर दिए गए। खास वस्तुओं पर अब 40% का नया टैक्स स्लैब लागू होगा। इस फैसले का मुख्य उद्देश्य था – उपभोक्ता को राहत, कारोबारी माहौल को सहज बनाना और कर प्रणाली को आधुनिक रूप देना।
नई व्यवस्था में आम आदमी की जेब सीधी तरह से हल्की होने जा रही है। जैसे कि खाने-पीने की चीजें जिसमें रोटी, पराठा, कुल्चा, पनीर, छेना, पिज़्ज़ा ब्रेड, खाखरा और UHT दूध आदि शामिल हैं। वहीं शिक्षा से जुड़ा सामान को भी इस श्रेणी में रखा गया है, जैसे कि नोटबुक, कॉपी, पेंसिल, शार्पनर, इरेज़र, क्रेयॉन, चॉक। स्वास्थ्य सेवाएं भी इस श्रेणी में हैं जैसे कि जीवन बीमा, स्वास्थ्य बीमा, मेडिकल ग्रेड ऑक्सीजन और 33 जीवन रक्षक दवाएं। वहीं बिना सोना-चांदी वाली कांच की चूड़ियां, निजी ट्यूशन, 12वीं तक के कोचिंग सेंटर, स्किल डेवलपमेंट कोर्स और चैरिटेबल अस्पताल को भी इस श्रेणी में रखा गया है। इन वस्तुओं और सेवाओं पर पहले 5% से लेकर 12% तक जीएसटी लगता था। अब यह पूरी तरह शून्य है।
रविवार की रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा – नवरात्रि के पहले दिन भारत ने कर सुधारों की नई यात्रा शुरू की है। इन बदलावों से देशवासियों को लगभग 2.5 लाख करोड़ रुपये की बचत होगी और व्यापार जगत को सरलता मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में विशेष रूप से MSMEs और स्वदेशी उत्पादों का जिक्र करते हुए कहा कि अब उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा। वहीं विशेषज्ञों का भी मानना है कि यह सुधार केवल टैक्स कटौती तक सीमित नहीं है। जैसे कि उपभोक्ता लाभ, इससे आम परिवार का मासिक बजट हल्का होगा। वही इससे छोटे व्यवसायों के लिए अनुपालन आसान होगा। साथ ही कर प्रणाली के पारदर्शी होने से निवेशकों का विश्वास बढ़ेगा।
जीएसटी सुधार केवल एक वित्तीय निर्णय नहीं है, बल्कि यह उस सामाजिक-आर्थिक सोच का हिस्सा है जो “आत्मनिर्भर भारत” को मजबूती दे रही है। रोटी से लेकर नोटबुक और बीमा से लेकर शिक्षा सेवाओं तक, हर वर्ग को इसका फायदा मिलेगा। यह कहना गलत नहीं होगा कि 22 सितंबर का दिन भारत के कर इतिहास में “जनता के नाम समर्पित सुधार” के रूप में याद किया जाएगा।
![]()
